डीएम ने प्रशिक्षण प्रदाताओं की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में कौशल विकास हेतु संचालित विभिन्न कौशल प्रशिक्षण योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसएसडीएफ, प्रवीण योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान एसएसडीएफ योजना वर्ष 2025-2026 निजी क्षेत्र की समीक्षा में बताया गया कि प्रशिक्षण का लक्ष्य 513 था, जिसके सापेक्ष 496 प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन प्रशिक्षार्थियों का प्रशिक्षण हो चुका है, उन्हें शीघ्र रोजगार से जोड़ा जाए। उन्होंने प्रशिक्षण प्रदाताओं की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि लाट श्री बालकराम संस्थान द्वारा 108 युवाओं को प्रशिक्षण देने के बावजूद किसी को रोजगार नहीं मिला, वहीं श्री दत्त सेवा संस्थान द्वारा 81 प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया लेकिन रोजगार शून्य रहा। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रशिक्षण, जिससे युवाओं को रोजगार न मिले, उसका कोई औचित्य नहीं है। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना होना चाहिए। एसएसडीएफ योजना वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक युवाओं को तकनीकी एवं व्यवहारिक कौशल से नहीं जोड़ा जाएगा, तब तक प्रशिक्षण का वास्तविक लाभ नहीं मिल पाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं संस्थानों को कौशल विकास योजनाओं को गंभीरता एवं गुणवत्ता के साथ संचालित करने के निर्देश दिये। बैठक में जिला सेवायोजन अधिकारी विकास मिश्रा, जिला कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमार तिवारी,जीजीआईसी और जीआईसी के प्रधानाचार्य सहित समस्त संबंधित अधिकारीगण उपस्थिति रहे।  बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *