करंट विजन संवाददाता

इमरान खान

इटावा में ‘बिग डैडी एप’ से साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
इटावा पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी सोशल मीडिया के जरिए लोगों को निवेश का लालच देकर ठगी करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी “बिग डैडी एप” नामक प्लेटफॉर्म का प्रचार कर लोगों को ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देता था।
शिकायत मिलने पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि कुछ लोग इंस्टाग्राम और अन्य माध्यमों से इस एप का प्रचार कर रहे थे और भोले-भाले लोगों को निवेश के लिए प्रेरित कर रहे थे। इस मामले में शिवा कुशवाहा का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया।
पुलिस ने 13 मार्च 2026 को शिवा कुशवाहा सहित 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), आईटी एक्ट की धारा 66D और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े कानूनों के तहत मुकदमा कायम किया गया।
23 अप्रैल 2026 को पुलिस ने शिवा कुशवाहा को पुलिस मॉडर्न स्कूल के सामने से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह टेलीग्राम के जरिए एक कंपनी से जुड़ा था और एजेंट के रूप में काम करता था। उसका काम लोगों को ऐप में पैसा लगाने के लिए बहकाना था। वह खुद को बड़ा विजेता बताकर दूसरों को निवेश के लिए प्रेरित करता था, जबकि ज्यादातर लोग पैसे गंवा देते थे।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह पिछले चार वर्षों से इस तरह की गतिविधियों में शामिल था और अब तक करीब एक करोड़ रुपये कमा चुका है। पुलिस ने उसके पास से एक आईफोन 14 बरामद किया है, जिसका उपयोग वह अपराध में करता था।
इटावा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान ऐप या निवेश योजना के झांसे में न आएं और साइबर ठगी से सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *