स्कूल में बच्चों का एडमिशन न होने से नाराज अभिभावकों ने डीएम से शिकायत की

 कचहरी में डीएम से शिकायत करने जाते छात्र व अभिभावक

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र के बनकटी खुर्द स्थित मान्यता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल में छात्रों का प्रवेश नहीं होने से परेशान परिजन डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल से मिलने पहुंचे। परिजनों ने बच्चों का भविष्य प्रभावित होने की बात बताते हुए प्रवेश कराने की मांग की। डीएम ने मामले का संज्ञान लेते हुए परिजनों को जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार के पास भेजा और छात्रों का प्रवेश कराने के निर्देश दिए। परिजनों का कहना है कि बच्चों के प्रवेश के लिए वे जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा विभाग, एसडीएम और बीआरसी स्तर तक शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद विद्यालय प्रबंधन छात्रों का प्रवेश लेने को तैयार नहीं था। परिजन इसी समस्या को लेकर डीएम के पास पहुंचे और जल्द प्रवेश कराने की मांग रखी। परिजन हरिओम ने आरोप लगाया कि विद्यालय के प्रबंधन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि एक पक्ष के प्रबंधक को हटाया जा चुका है, जबकि दूसरे पक्ष पर छात्रों की संख्या कम कर स्कूल पर अपना नियंत्रण करने का आरोप लगाया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक इसी विवाद के कारण छात्रों के प्रवेश में अड़चन पैदा हो रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार ने बताया कि परिजन उनसे मिले थे। विद्यालय प्रबंधन से बात करने पर छात्रों की ओरिजिनल टीसी उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई। डीआईओएस ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन को छात्रों का प्रवेश करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन को लेकर कुछ विवाद जरूर है लेकिन इसका असर छात्रों की पढ़ाई पर नहीं पड़ना चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *