
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। इटावा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसरेहर बाईपास स्थित राहिन तिराहे के पास शुक्रवार शाम दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों ट्रकों के चालक घायल हो गए, जबकि एक चालक ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गया।
सूचना पर पहुंची बसरेहर पुलिस ने स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकलवाया। घायल चालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के नरवर से धान लादकर बरेली के रिछा जा रहा ट्रक राहिन तिराहे के पास फर्रुखाबाद की ओर से आ रहे कंटेनर से टकरा गया। धान लदे ट्रक को दिनेश परिहार (30), निवासी ग्वालियर चला रहे थे, जबकि दूसरे ट्रक के चालक की पहचान अवधेश कुमार, निवासी औरैया के रूप में हुई है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन आपस में बुरी तरह फंस गए। दुर्घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया। वाहनों को अलग करने के लिए दो जेसीबी मशीनें मंगवानी पड़ीं। थानाध्यक्ष बलराज सिंह भाटी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कराया और यातायात व्यवस्था संभाली।
काफी मशक्कत के बाद दोनों ट्रकों को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद हाईवे पर आवागमन सामान्य हो सका।
धनतेरस के चलते सड़क पर वाहनों का दबाव अधिक था। ऐसे में पुलिस की तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य पूरा कराया गया।
