
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के बीच विघ्नहर्ता को दी भावभीनी विदाई
श्री बिहारी जी धाम में संयुक्त प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेन्द्र भसीन के आवास पर वैदिक मंत्रोच्चार व महाआरती के साथ हुआ गणपति विसर्जन
इटावा। श्री बिहारी जी धाम आवासीय परिसर में संयुक्त प्रेस क्लब इटावा के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र भसीन के आवास पर गणपति विसर्जन कार्यक्रम श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया’ और ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों तथा शंखध्वनि के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से विघ्नहर्ता को विदाई दी।
विसर्जन से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की गई। राजेन्द्र भसीन, अंजू भसीन, भव्या भसीन एवं स्वदेश भसीन सहित श्री बिहारी जी धाम परिवार के सदस्यों ने गणपति बप्पा का पूजन कर सुख-समृद्धि, परिवार एवं समाज के कल्याण की प्रार्थना की।
पूजन-अनुष्ठान के उपरांत भगवान गजानन को उनके प्रिय मोदक एवं लड्डुओं का नैवेद्य अर्पित किया गया। इसके बाद महाआरती कर गणपति प्रतिमा का विधि-विधान से विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से जयकारे लगाए और अगले वर्ष पुनः पधारने की कामना के साथ बप्पा को विदाई दी।
इस पावन अवसर पर श्री बिहारी जी धाम परिवार के सदस्यों, इष्ट-मित्रों एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया तथा सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
उल्लेखनीय है कि गणेशोत्सव के दौरान श्री बिहारी जी धाम परिसर में प्रतिदिन सुबह-शाम विधिवत पूजा-अर्चना, आरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। पूरे उत्सव के दौरान परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भगवान गणेश की आराधना की।
