जन्माष्ठमी कार्यक्रम में बच्चों के साथ प्रधानाचार्य डा. आनन्द
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। संत विवेकानन्द सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्ति भावना के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय परिसर में ऐसा मनोहारी दृश्य देखने को मिला, मानो वृंदावन की भक्ति और कान्हा की बाल लीलाएं विद्यालय प्रांगण में ही साकार हो उठी हों। ‘राधे-राधे’ ‘जय श्री कृष्णा’ के जयघोष से पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सैकड़ों नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सजकर पहुंचे। कोई नन्हा कान्हा मुरली बजाते नजर आया तो कोई राधा के रूप में बेहद आकर्षक दिखाई दिया। बच्चों के मनमोहक रूप और पारंपरिक परिधानों ने कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों एवं अन्य लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. आनंद ने राधा-कृष्ण की उतारकर विधिवत पूजन किया और ‘राधे-राधे’ भजन गाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। भजन की धुन पर पूरा विद्यालय परिसर भक्तिभाव से भर गया। जन्माष्टमी समारोह के दौरान बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मासूम अदाओं और राधा-कृष्ण की वेशभूषा ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। विद्यालय परिसर में जगह-जगह कृष्ण जन्मोत्सव की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों का मार्गदर्शन किया! आयोजन को सफल बनाने में निवेदिता दुबे, शाजिया रहमान, शिखा पाठक, विनीता सक्सेना, ऋचा मिश्रा आदि का विशेष सहयोग रहा । पूरे कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह देखते ही बना और विद्यालय परिसर देर तक ‘राधे-राधे’ तथा ‘जय श्री कृष्णा’ के जयघोष से गूंजता रहा।
