रोडवेज़ बस में बैठने के लिए लगी महिलाओं की भीड़
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। रक्षाबंधन पर्व पर शासन द्वारा तीन दिनों के लिए महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में यात्रा फ्री करने से आज सुबह से ही रोडवेज बस स्टैंड पर महिला यात्रियों की भारी भीड़ लग गई। हजारों महिलाओं ने पहले दिन रोडवेज बसों में फ्री यात्रा की। रक्षाबंधन पर्व पर भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए महिलाएं सुबह से ही रोडवेज बस स्टैंड पहुंच गईं। फ्री यात्रा होने से महिलाओं से रोडवेज बसें खचाखच भरी हुई चलीं। रोडवेज अधिकारियों ने बसों की व्यवस्था कराई ताकि महिलाओं को यात्रा करने में कोई परेशानी न हो। रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज बस स्टैंड सहित रोडवेज तिराहे पर जाम की स्थिति बनी रही। वहीं आसपास के गांव जाने के लिए महिलाओं ने ऑटो, टेम्पो से यात्रा की जिससे सड़क पर दिन भर भीड़भाड़ की स्थिति बनी रही। भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस तैनात रही।
