
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई में गुर्दे की बीमारियों से पीड़ित मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किडनी क्लिनिक की शुरुआत की गई है। बुधवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह ने मेडिसिन विभाग में क्लिनिक का उद्घाटन किया। इस पहल से मरीजों को गुर्दे से संबंधित बीमारियों की जांच, उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा मिलेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, किडनी क्लिनिक के माध्यम से मरीजों को उनकी बीमारी के अनुरूप चिकित्सकीय सलाह और उपचार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य गुर्दे की समस्याओं की पहचान से लेकर उनके बेहतर प्रबंधन तक मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है।
क्लिनिक का संचालन मेडिसिन विभाग के ओपीडी कक्ष संख्या-18 में होगा। मरीज प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श ले सकेंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम में प्रति-कुलपति डॉ. आदेश कुमार, डीन डॉ. उषा शुक्ला, चीफ मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. एसपी सिंह, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. अमित सिंह और मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार सहित विभाग के फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि किडनी क्लिनिक की शुरुआत मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे गुर्दे की बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर परामर्श और उपचार संबंधी जरूरी जानकारी मिल सकेगी।
