त्वरित कार्रवाई कर बुजुर्ग की जान बचाने वाले आरक्षी संदीप यादव को पुलिस आयुक्त ने किया सम्मानित

 

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

लखनऊ। महानगर थाना क्षेत्र में तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के आरक्षी संदीप यादव ने सीने में दर्द के कारण अचानक सड़क पर गिरे एक बुजुर्ग की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग अनिल लांबा लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र में सब्जी खरीदने गए थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह सड़क पर गिर पड़े। घटना के समय उनकी पत्नी भी उनके साथ मौजूद थीं। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही रहीमनगर पुलिस चौकी में तैनात आरक्षी संदीप यादव तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए बुजुर्ग को सीपीआर (CPR) देना शुरू किया और उनकी स्थिति में सुधार होने तक प्रयास जारी रखे। इसके बाद एम्बुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

आरक्षी संदीप यादव की त्वरित कार्रवाई, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा से बुजुर्ग को समय पर सहायता मिल सकी। उनके इस सराहनीय कार्य की लोगों द्वारा प्रशंसा की जा रही है।

इस सराहनीय कार्य के लिए लखनऊ के पुलिस आयुक्त ने आरक्षी संदीप यादव को बुलाकर उनकी प्रशंसा की तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

उत्तर प्रदेश पुलिस के इस सराहनीय कार्य से पुलिस की सेवा भावना, तत्परता और जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *