बैठक में सीएससी संचालकों को निर्देश देते एडीएम बिपिन कुमार
करंट विज़न संवाददाता
इटावा, 7 नवम्बर।अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में निर्वाचक नामावलियों का पुनरीक्षण के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां भरे जाने के संबंध में जनसेवा केंद्र संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी /उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त सीएससी संचालकों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची में नए मतदाताओं का नाम शामिल करने के लिए फॉर्म-6 भरते समय निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी मतदाता का फॉर्म-6 भरते समय सीएससी संचालक अपना मोबाइल नंबर कदापि दर्ज न करें बल्कि संबंधित आवेदक का स्वयं का अथवा उसके परिवार के किसी सदस्य का वास्तविक एवं सक्रिय मोबाइल नंबर ही दर्ज करें। मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद आवेदक से उसकी पुष्टि भी अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि एक ही व्यक्ति के लिए बार-बार फॉर्म-6 जमा न किया जाए। नया आवेदन भरने से पहले पोर्टल पर पूर्व में जमा आवेदन की स्थिति अवश्य जांच लें। यदि आवेदन पहले ही सफलतापूर्वक जमा हो चुका है तो दोबारा आवेदन न करें। उन्होंने कहा कि फॉर्म-6 में आवेदक का नाम, पिता/माता/पति का नाम, जन्मतिथि, पता एवं अन्य विवरण संबंधित दस्तावेजों के अनुसार सही-सही दर्ज किए जाएं। मतदाता का डाक पता एवं पिन कोड विशेष सावधानी से भरें, ताकि इपिक कार्ड के वितरण में किसी प्रकार की समस्या न हो। हिंदी एवं अंग्रेजी में नाम की वर्तनी का भी मिलान करें तथा निर्धारित दस्तावेजों एवं फोटो को स्पष्ट रूप से अपलोड करें। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में सीएससी संचालक उपस्थित रहे।
