कलेक्ट्रेट में अधिकारियों ने फील्ड ट्रेनर्स को किया सम्मानित
करंट विज़न संवाददता
इटावा। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद में फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिलाधिकारी प्रमुख जनगणना अधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल तथा मुख्य विकास अधिकारी अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय कुमार सिंह ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। जनपद में कुल दो बैचों में 60 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की प्रक्रियाओं, जनसंख्या गणना, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन तथा तकनीकी व्यवस्थाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक दक्षता प्रदान करना था ताकि वे आगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रभावी प्रशिक्षण देकर जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्टेट मास्टर ट्रेनर संतोष कुमार शर्मा एवं मोहम्मद जावेद खान ने प्रशिक्षण संबंधी विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया। मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य की सफलता के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच समन्वय, कर्तव्यनिष्ठा एवं टीम भावना आवश्यक है। समापन समारोह में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ जनगणना कार्य सम्पन्न कराने का आह्वान किया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी जनगणना राकेश सिंह, जिला जनगणना प्रभारी पुलकिता शर्मा व अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के समापन पर अधिकारियों के साथ फील्ड ट्रेनर्स।
