गांधी जयंती पर ध्वजारोहण के साथ शहर में होंगे विभिन्न कार्यक्रम

 बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को गरिमामय एवं भव्य रूप से मनाने हेतु समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि 2 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे समस्त सरकारी एवं अर्द्ध-सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और ‘अंत्योदय’ की अवधारणा पर प्रकाश डाला जाएगा। विद्यालयों में गांधीवादी विचारों पर आधारित वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके साथ ही निर्बलों के कल्याण, बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण हेतु जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। समस्त कार्यालयों एवं विद्यालयों में पौधारोपण कराया जाएगा तथा नगर पालिका व पंचायत राज विभाग द्वारा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों, विशेषकर मलिन बस्तियों में व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा। शास्त्री चौराहा स्थित शास्त्री जी की प्रतिमा एवं अन्य महापुरुषों की मूर्तियों, पार्कों व सड़कों की सफाई तथा चूना छिड़काव की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त 2 अक्टूबर को जनपद की समस्त शराब एवं मीट की दुकानें पूर्णतः बंद रहेंगी और आबकारी व पुलिस विभाग द्वारा इसकी चेकिंग की जाएगी। स्पोर्ट्स स्टेडियम में “फिट इंडिया फ्रीडम रन” का आयोजन होगा, जिसके विजेताओं को अपर जिलाधिकारी द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।प्रातः 10 बजे जिलाधिकारी द्वारा कुष्ठ व टीबी मरीजों को फल वितरण किया जाएगा तथा कांशीराम कालोनी में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, सीओ ट्रैफिक, क्षेत्राधिकारी सहित समस्त संबंधित अधिकारीगण उपस्थिति रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *