इटावा में यातायात माह नवम्बर-2026 का भव्य शुभारंभ  जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दिलाई यातायात नियमों के पालन की शपथ, जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी।

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

पुलिस लाइन इटावा में यातायात माह नवम्बर-2026 का शुभारंभ जिलाधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल द्वारा फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव सहित पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि जनवरी से अक्टूबर 2026 तक जनपद इटावा में सड़क दुर्घटनाओं में 230 लोगों की मृत्यु हो चुकी है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने सभी नागरिकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे में एवं मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन न चलाने की अपील की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात माह का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने राहगीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद कर उनका जीवन बचाने की अपील भी की।

कार्यक्रम में विद्यालयों के बच्चों ने नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। अंत में जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई तथा जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

आइए, संकल्प लें कि यातायात नियमों का पालन करेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे।

🙏 सुरक्षित चलें – सुरक्षित रहें, आपका जीवन अनमोल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *