पोलिंग पार्टियों को रवाना करते डीएम व एसएसपी
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए विकास भवन से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया। जनपद में निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए कुल 30 पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। जनपद में आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के अंतर्गत 14 मतदान केंद्रों पर कुल 30 बूथों पर मतदान कराया जाएगा। स्नातक निर्वाचन में कुल 19,951 मतदाता तथा शिक्षक निर्वाचन में 3,929 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान आज 23 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक संपन्न होगा। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मतदान के लिए पहचान-पत्र संबंधी निर्देश प्रत्येक मतदाता को मतदान के समय अपना मतदाता फोटो पहचान-पत्र प्रस्तुत करना होगा। यदि किसी मतदाता के पास मतदाता फोटो पहचान-पत्र उपलब्ध नहीं है तो वह निर्धारित वैकल्पिक पहचान-पत्रों में से किसी एक को प्रस्तुत कर अपनी पहचान प्रमाणित कर सकता है। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, राज्य सरकार, केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों अथवा अन्य निजी औद्योगिक घरानों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान-पत्र, सांसदों, विधायकों एवं पार्षदों को जारी सरकारी पहचान-पत्र, संबंधित शैक्षणिक संस्थान द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र, विश्वविद्यालय द्वारा जारी डिग्री/डिप्लोमा का मूल प्रमाण-पत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता संबंधी मूल प्रमाण-पत्र तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी यूनिक डिसएबिलिटी आईडी कार्ड शामिल हैं। मतदाताओं से अपील है कि वे मतदान के लिए निर्धारित पहचान-पत्र साथ लेकर आएं। जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
