प्रतिभागी बच्चों के साथ स्कूल का स्टाफ
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, सांस्कृतिक अभिरुचि और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इंटर हाउस डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए नृत्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने लोक नृत्य, देशभक्ति नृत्य एवं पारंपरिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया। रंग-बिरंगी वेशभूषा, आकर्षक भाव-भंगिमाओं और लयबद्ध नृत्य के माध्यम से नन्हे कलाकारों ने भारतीय संस्कृति की विविधता और देशप्रेम की भावना को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इंटर हाउस प्रतियोगिता में बच्चों के बेहतरीन प्रदर्शन को लेकर संस्था के प्रधानाचार्य निदेशक डॉक्टर आनंद ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने, मंच पर प्रस्तुति देने का आत्मविश्वास विकसित करने और भारतीय लोक कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करती हैं।वही संस्था के चेयरमैन डॉक्टर विवेक यादव ने भी बच्चों की सराहना करते हुए कहां कि कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शिक्षा के साथ कला और संस्कृति का समावेश बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रतियोगिता का सफल आयोजन शिल्पी जैन, मोनिका यादव एवं प्रतिभा मिश्रा के निर्देशन में किया गया। शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ अपनी प्रस्तुतियों की तैयारी की तथा मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया।
