विद्यार्थी परिषद के युवती सम्मेलन का किया आयोजन

 कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि व युवतियां

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तत्वावधान मे आईटीआई चौराहा स्थित बालाजी मंडपम में युवती सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य युवतियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरूकता तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति उत्तर दायित्व की भावना को सुदृढ़ करना रहा। मुख्य अतिथि डॉ. सीमा शाक्य ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। जब युवतियों को शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और अपनी प्रतिभा को विकसित करने के अवसर प्राप्त होते हैं, तब वे परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। विशिष्ट अतिथि पूनम पाण्डेय ने युवतियों को आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। मुख्य वक्ता डॉ. पद्मा त्रिपाठी ने कहा कि युवतियां राष्ट्र का भविष्य होने के साथ-साथ वर्तमान में भी समाज को दिशा देने की क्षमता रखती हैं। उनके भीतर नेतृत्व, निर्णय लेने और सामाजिक परिवर्तन की अपार संभावनाएं हैं। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें उचित अवसर और आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिले। कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. अरुणा दुबे ने युवतियों को आत्मविश्वास, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। सम्मेलन के दौरान युवतियों को सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अरुणा दुबे ने की। कार्यक्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संगठन मंत्री अपूर्व भदौरिया, जिला संगठन मंत्री नितिन द्विवेदी एवं जिला संयोजक संस्कार गुप्ता उपस्थित रहे। नगर सहमंत्री कृष्णा गुप्ता सहित विजय नंदवंशी एवं इटावा नगर इकाई के पियूष राय, हरिओम राय, नीतेश, अंश, देव वर्मा, अंश अग्निहोत्री एवं कुनाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। सभी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *