
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
जसवंतनगर। लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह के छह सदस्यों को जसवंतनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध तमंचे, 10 जिंदा कारतूस, दो चाकू, आठ मोबाइल फोन और एक कार बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिलों में घूमकर लूट एवं चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पुलिस टीम बीती रात क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस ने रोककर पूछताछ और तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से अवैध असलहे, कारतूस, चाकू, मोबाइल फोन और कार बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों के अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय गिरोह से जुड़े होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक गौतम निवासी जहागीराबाद, थाना घाटमपुर, कानपुर नगर, मोहित तिवारी निवासी पहाड़पुर, थाना सुरौली, कन्नौज, अजय शेखर उर्फ बब्बू निवासी अय्याशी गांव, थाना भोगनीपुर, कानपुर देहात, शिवम यादव उर्फ रोकेश निवासी रामपुर, थाना रूरा, कानपुर देहात, पंकज गौतम उर्फ गब्बू निवासी धीरापुरम, थाना रूरा तथा धीरेंद्र निवासी अंबेडकर नगर, थाना रूरा, कानपुर देहात के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरोह के सदस्य कानपुर नगर, कानपुर देहात, फिरोजाबाद, कन्नौज, हमीरपुर और फतेहपुर समेत कई जिलों में घूमकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह द्वारा पूर्व में की गई वारदातों और उनसे जुड़े अन्य आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध संख्या 265/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 313/317(3) तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/4/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस टीम आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगालने के साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कमल भाटी, उपनिरीक्षक यशवीर सिंह तोमर, उपनिरीक्षक ललित किशोर चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक शुभम वर्मा, उपनिरीक्षक कोमल चौधरी, हेड कांस्टेबल शिव प्रकाश यादव, कांस्टेबल विशाल कुमार, आयुष सचान और राजेश कुमार शामिल रहे।
दीपक गौतम पर 11 मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दीपक गौतम के खिलाफ फतेहपुर और कानपुर नगर समेत विभिन्न थानों में 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट और लूट जैसी गंभीर धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं। वहीं मोहित तिवारी के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। अजय शेखर उर्फ बब्बू के खिलाफ भी छह मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस सभी आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है।
फोटो कैप्शन : पुलिस की गिरफ्त में लूट-चोरी की घटनाओं में शामिल अंतरजनपदीय गिरोह के आरोपी तथा बरामद असलहा, मोबाइल फोन व अन्य सामान।
