बारहबफात, रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं – डीएम

पीस कमेटी की बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आगामी त्यौहार बारावफात, रक्षाबंधन व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आदि की तैयारियों एवं कानून व शांति व्यवस्था के दृष्टिगत केन्द्रीय शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाले त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने में जिला प्रशासन सदैव तत्पर रहेगा। उन्होंने जनपद वासियों से बारहबफात, रक्षाबंधन एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी को शांतिपूर्ण ढंग से सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। जिलाधिकारी ने त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के पूर्व सारी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि हर जुलूस का वालंटियर अवश्य होना चाहिए साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जुलूस के मार्गों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरा को संचालित कराया जाए। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के त्यौहार पर 27 अगस्त को सुबह 6 बजे से 28 अगस्त को रात 12 बजे तक सभी महिलाओं और उनके साथ किसी एक साथी को निःशुल्क यात्रा प्राप्त कराई जाएगी साथ ही उन्होंने एआरएम को निर्देशित करते हुए कहा कि कोई भी बस खराब हालत में नहीं होनी चाहिए, बसों का पूर्व से निरीक्षण कर लिया जाए। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की घटना न होने पाए उससे पूर्व सभी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी जाए।उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों द्वारा कार्य शासन की मंशा रूप किया जाए एवं सभी की ड्यूटी लगा दी जाए साथ ही साथ उन्होंने यह भी अवगत कराया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, एसपीआरए, सीओ सिटी, क्षेत्राधिकारी जसवन्तनगर आयुषी सिंह, नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी भरथना काव्या सी, जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित कुमार सहित समस्त संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *