सरकार का उद्देश्य पीडीए समाज के बच्चों को शिक्षा से वंचित करना – प्रदीप शाक्य
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जसवंतनगर ब्लॉक के ग्राम नगला चेतराम में बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक दिवस का आयोजन कर सर्वप्रथम देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में सपा जिला अध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से आम जनमानस को अवगत कराया, उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जितना बजट प्रचार प्रसार में खर्च किया गया यदि उस बजट का एक प्रतिशत भी शिक्षा पर खर्च किया जाता तो प्रदेश में 26 हजार विद्यालय बंद करने की नौबत न आती। सरकार का मुख्य उद्देश्य पीडीए समाज के बच्चों को शिक्षा से वंचित करना है क्योंकि पीडीए समाज के बच्चे प्राइवेट विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण नहीं कर सकेंगे इसलिए सरकार ने जानबूझकर विद्यालयों को बंद कराया लेकिन अब पीडीए समाज जागरूक हो गया है। आने वाले समय में ऐसी ताकतों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगा। सपा जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप शाक्य बबलू ने उपस्थित जन समुदाय को भरोसा दिलाया, कि 2027 में सरकार बनने पर इस विद्यालय को पुनः संचालित कराया जाएगा एवं जनमानस के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए तमाम जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जाएगी। इस मौके पर जिला सचिव रोहित श्रीवास्तव, ब्लॉक अध्यक्ष समाजवादी पार्टी जसवंत नगर रामवीर सिंह यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया, कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिक्षक दिवस पर बोलते सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू।
