प्रतिमाओं का विसर्जन नदियों, नहरों, जलाशयों में नहीं किया जाएगा – डीएम

विसर्जन स्थलों पर सफाई, प्रकाश, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था समय से पूर्ण की जाए

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बुढ़वा मंगल एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व एवं प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद इटावा, जसवंतनगर एवं भरथना के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां-जहां गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए स्थल चिन्हित किए गए हैं, वहां साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पहुंच मार्ग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं। विसर्जन स्थलों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न रहे तथा श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। संबंधित अधिकारी विसर्जन से पूर्व स्थलों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करा लें।विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए कि विसर्जन स्थलों एवं बुढ़वा मंगल पर्व के प्रमुख आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर ढीले अथवा नीचे लटक रहे विद्युत तारों को दुरुस्त कराया जाए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दशा में प्रतिमाओं का विसर्जन नदियों, नहरों अथवा अन्य जलाशयों में नहीं किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन द्वारा चिन्हित विसर्जन स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाए। बुढ़वा मंगल पर्व पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी संबंधित थानों को पूर्व में ही उपलब्ध करा दी जाए। पिलुआ महावीर मंदिर सहित प्रमुख आयोजन स्थलों पर विशेष सफाई, पर्याप्त पेयजल, शौचालय, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में पुलिस अधीक्षक सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, समस्त उपजिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, डीपीआरओ रोहित कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सन्तोष कुमार मिश्रा सहित विद्युत और सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थिति रहे। बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *