बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की दशम बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनवरी माह से अब तक जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में 230 लोगों की मृत्यु होना अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सितंबर माह में विभिन्न मार्गों पर कुल 46 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें एनएचएआई में 26 दुर्घटना हुई जिसमे 19 लोगों की मृत्यु हुई। एक्सप्रेस-वे पर 2, एमडीआर पर 12, एसएच पर एक तथा अन्य जिला मार्गों पर 5 दुर्घटनाएं होने का विवरण प्रस्तुत किया गया।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और अनुशासित व्यवहार अपनाकर अनेक दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। आगामी पर्वों एवं त्योहारों के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने कहा कि नवंबर माह में सड़कों पर वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जाए, जिससे आमजन को आवागमन में असुविधा न हो और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण बना रहे। शहरी यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के लिए निर्धारित यातायात योजना का कड़ाई से पालन कराया जाए। बैठक में एसपी सिटी बबिता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार, एआरटीओ प्रदीप देशमणि, सीओ ट्रैफिक, एनएचएआई, यूपीडा, लोक निर्माण विभाग के अधिकारीगण सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
