बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्थानीय निकायों से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों में कराए जा रहे विकास कार्यों, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, कूड़ा निस्तारण, एमआरएफ सेंटर, पार्क एवं सार्वजनिक सुविधाओं सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार का पैसा जनता की सुविधा के लिए है, इसलिए इसका उपयोग शासन की गाइडलाइन एवं निर्धारित मद के अनुसार ही किया जाए। प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में जिन कार्यों के लिए धनराशि का आवंटन हुआ है, उनका स्थलीय निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं आवश्यकता के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि कार्यों का चयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा जो कार्य आम नागरिकों के लिए अधिक आवश्यक हैं, उन्हें पहले कराया जाए। जल निकासी की समस्या पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि केवल नालियां बनाते जाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। जहां वास्तव में जलभराव हो रहा है, वहां की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। जिन घरों में पानी भरता है, वहां रहने वाले लोगों से वास्तविक स्थिति की जानकारी लेकर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नगर निकायों में लगाई जाने वाली किसी भी लाइट पर किसी व्यक्ति का नाम अंकित न हो। उन्होंने फैंसी लाइटों पर अनावश्यक धनराशि खर्च करने से बचने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां अंधेरा है, वहां पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की जाए। स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कूड़ा घर-घर से डोर-टू-डोर एकत्रित किया जाए और उसका निस्तारण एमआरएफ सेंटर पर आधुनिक पद्धति से किया जाए। किसी भी दशा में तालाब, जलस्रोत अथवा खुले स्थानों में कूड़ा न फेंका जाए। जितना स्वच्छ और व्यवस्थित नगर एवं गांव होगा, उतना ही नागरिकों का स्वास्थ्य बेहतर रहेगा और बीमारियों का खतरा कम होगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, वरिष्ठ कोषाधिकारी डोगरा शक्ति, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सन्तोष कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका जसवन्तनगर श्याम वचन सरोज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
