क्राइम सीन मैनेजमेंट विषय पर आरक्षियों को दिया गया प्रशिक्षण

 पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण में निर्देश देते एसएसपी

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में क्राइम सीन मैनेजमेंट विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान फील्ड यूनिट टीम द्वारा जनपद के समस्त थानों पर नियुक्त 2-2 आरक्षी/महिला आरक्षी को क्राइम सीन मैनेजमेंट के संबंध में विस्तृत एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर पहुंचने के उपरान्त की जाने वाली आवश्यक कार्यवाही, घटनास्थल की सुरक्षा एवं साक्ष्यों के संरक्षण के संबंध में आवश्यक तकनीकी जानकारी प्रदान करना रहा। फील्ड यूनिट टीम द्वारा पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर पहुंचते ही प्राथमिक रूप से किए जाने वाले कार्यों, घटनास्थल को सुरक्षित एवं संरक्षित रखने, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश को नियंत्रित करने, घटनास्थल पर उपलब्ध महत्वपूर्ण साक्ष्यों की पहचान करने तथा साक्ष्यों को वैज्ञानिक एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित एवं संकलित किए जाने के संबंध में जानकारी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी का उपयोग वास्तविक घटनाओं के दौरान प्रभावी रूप से किया जाए तथा प्रत्येक महत्वपूर्ण घटनास्थल पर वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिसकर्मियों को घटनास्थल की सुरक्षा एवं साक्ष्य संरक्षण की प्रक्रिया को गंभीरता से अपनाने तथा विवेचना की गुणवत्ता में सुधार हेतु वैज्ञानिक पद्धतियों का अधिकतम उपयोग किए जाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *