शिक्षकों कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। के.के. कॉलेज में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, देश के पूर्व रक्षा मंत्री और छात्र संघ के पहले अध्यक्ष रहे ‘नेताजी’ मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय परिवार ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर और पुष्प अर्पित करके अपने इस यशस्वी पूर्व छात्र को शिद्दत के साथ याद किया।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. महेंद्र सिंह ने नेताजी के जीवन और कॉलेज के दिनों को याद करते हुए कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की असली पहचान उसके मेधावी पूर्व छात्रों से होती है। के.के. कॉलेज की उर्वर जमीन से निकलकर कई छात्रों ने प्रशासनिक सेवाओं, न्यायपालिका, चिकित्सा, राजनीति और कला जगत में महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने गर्व के साथ साझा किया कि इसी श्रृंखला के प्रथम पायदान पर श्रद्धेय नेताजी आते हैं। सैफई से निकलकर उन्होंने के.के. कॉलेज से उच्च शिक्षा ग्रहण की और यहीं से अपनी यशस्वी राजनीतिक व सामाजिक यात्रा का ऐतिहासिक आगाज किया था। जब वे देश के रक्षा मंत्री थे, तब उन्होंने सेना के जवानों और किसानों के दर्द को समझा। पहले सीमा पर शहीद होने वाले सैनिकों के पार्थिव शरीर की जगह केवल उनकी टोपियां आदि प्रतीकात्मक रूप से घर भेजी जाती थीं। नेताजी ने ही यह संवेदनशील नियम बनाया कि शहीद का पार्थिव शरीर पूरी सम्मान के साथ उसके पैतृक घर पहुंचेगा और जिला प्रशासन राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार सुनिश्चित करेगा।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने कई जनहितकारी और अतुलनीय कार्य किए, जो आज भी मील का पत्थर हैं।उन्होंने कहा कि के.के. कॉलेज के लिए यह अत्यंत गौरव की बात है कि ऐसे महान जननेता यहाँ के छात्र रहे। आज उनकी चौथी पुण्यतिथि पर पूरा महाविद्यालय परिवार उन्हें नम आँखों से श्रद्धासुमन अर्पित करता है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने भारी संख्या में उपस्थित होकर नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में प्रो. ओमकुमारी, प्रो. मनोज गुप्ता, चीफ प्रॉक्टर प्रो. सुनील सिंह सेंगर, प्रो. अनिल त्रिपाठी, प्रो. पद्मा त्रिपाठी, डॉ. जी.एस. गुप्ता, डॉ. चित्रा यादव, डॉ. सुरभि यादव, डॉ. अजय, तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारी मधुसूदन बड़े बाबू, अवनींद्र मोहन, पवन वर्मा, अंबुज दीक्षित, आशीष पटेल, हरिओम, बंटू, विक्रांत आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देते प्राचार्य डा. महेंद्र सिंह व अन्य।
