एसपी सिटी बबीता सिंह ने महिलाओं को दिलाई बाल विवाह के खिलाफ शपथ मिशन शक्ति के तहत ग्राम कृपालपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, महिला सम्मान पर दिया जोर

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

बसरेहर/इटावा। मिशन शक्ति के अंतर्गत कृपालपुर में बाल विवाह और अन्य सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के उद्देश्य से जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित उक्त कार्यक्रम में एसपी सिटी बबीता सिंह ने महिलाओं को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि बाल विवाह समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए जागरूकता जरूरी है। क्षेत्राधिकारी सैफई कुशलपाल सिंह ने महिला सम्मान एवं सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है।
संरक्षण अधिकारी सोहन गुप्ता ने महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग महिलाओं, बालिकाओं और संकटग्रस्त बच्चों की सुरक्षा एवं कल्याण के लिए योजनाएं संचालित कर रहा है। पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और बाल विवाह जैसी कुरीतियों को रोकने में सहयोग की अपील की। बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य व प्रोबेशन कार्यालय से अर्चना जादौन ने बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माध्यम से जागरूकता फिल्म दिखाई और पत्रक वितरित किए गए।
कार्यक्रम का सफल संचालन जेंडर स्पेशलिस्ट अजीत दुबे ने किया। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना प्रभारी अल्मा अहिरवार, थाना बसरेहर की पुलिस टीम तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के केस वर्कर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *