करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा, उत्तर प्रदेश। जनपद इटावा के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित काशीराम कॉलोनी में एक बंद कमरे के अंदर बक्से से 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना ब्लॉक नंबर 14, मकान नंबर 216 की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंद कमरे का दरवाजा खोलने पर पुलिस को बक्से के अंदर बुजुर्ग का शव मिला। शव की हालत काफी खराब बताई जा रही है। वहीं, मृतक की छोटी बेटी पूजा के कई दिनों से लापता होने की जानकारी भी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने पर एसपी सिटी बबीता सिंह पुलिस टीम एवं फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
फिलहाल, बुजुर्ग की मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस जांच जारी है। मामले में आगे की जानकारी आधिकारिक पुष्टि के बाद ही सामने आएगी।

