
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा, 15 जुलाई। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वेश सिंह चौहान एवं उद्योग मंच के जिला अध्यक्ष भारतेन्द्र नाथ भारद्वाज के नेतृत्व में जिलाधिकारी इटावा के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। ज्ञापन में बिजली विभाग द्वारा व्यापारियों, उद्योगों एवं आम उपभोक्ताओं पर बढ़ते आर्थिक बोझ और कथित उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए तत्काल राहत देने की मांग की गई।
व्यापारी नेताओं ने कहा कि बिजली विभाग लगातार नए-नए नियम लागू कर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार डाल रहा है। बढ़ती बिजली दरों और विभागीय नीतियों के कारण प्रदेश के उद्योग और व्यापार गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—
दो किलोवाट तक के बिजली कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं के लिए मीटर शुल्क 750 रुपये से बढ़ाकर 5,300 रुपये किए जाने का निर्णय तत्काल वापस लिया जाए।
प्रदेश के लगभग 47 लाख उपभोक्ताओं का लोड बिना पूर्व सूचना, नोटिस अथवा सहमति के बढ़ाए जाने का निर्णय निरस्त कर पुराने स्तर पर बहाल किया जाए।
बढ़े हुए लोड के आधार पर अतिरिक्त सिक्योरिटी मनी वसूलने की प्रक्रिया तत्काल समाप्त की जाए।
बिजली बिलों में लगाए जा रहे 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार (फ्यूल सरचार्ज) को तत्काल समाप्त किया जाए।
प्रदेश में हो रही अघोषित बिजली कटौती बंद कर उद्योगों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आम उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
व्यापारी नेताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश का व्यापार एवं उद्योग राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यदि बिजली विभाग की जनविरोधी नीतियों पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई, तो प्रदेश का औद्योगिक एवं व्यापारिक विकास प्रभावित होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं के हित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष कामिल कुरैशी, जिला उपाध्यक्ष अशोक जाटव, हाजी हन्नान मंसूरी, महिला प्रदेश मंत्री श्रीमती मंजू लता द्विवेदी, संरक्षक हाजी शहंशाह वारसी, सीमा श्रीवास्तव, युवा जिला अध्यक्ष रियाज अब्बासी, लाइन पार शहर अध्यक्ष सुनील कुमार कुशवाहा, युवा शहर अध्यक्ष सोनू अग्रवाल, जिला सचिव सै लकी, युवा महामंत्री अजीत कुमार, युवा जिला उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र यादव, शेख नवाब, शहर उपाध्यक्ष दिलशाद पहलवान, धर्मेन्द्र प्रजापति, उद्योग मंच के महामंत्री राहुल दीक्षित, युवा शहर उपाध्यक्ष हफीज खान, नवीन सब्जी मंडी अध्यक्ष ईबादुर्रहमान सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
