करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल, तीन अवैध तमंचे, कारतूस, घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक तथा चोरी के 15 हजार रुपये बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बकेवर पुलिस इकनौर तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्ध युवक इकनौर तिराहे की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस ने तत्काल दूसरी टीम को सूचना देकर घेराबंदी कराई। दोनों ओर से पुलिस से घिरने पर बदमाशों ने फिर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान आशीष कुमार उर्फ भोला के बाएं पैर तथा राज उर्फ कौशल के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी शिवा को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद 15 हजार रुपये लखना तिराहे के पास हुई चोरी की घटना से संबंधित हैं। इस संबंध में थाना बकेवर में पहले से मुकदमा दर्ज है। बरामद हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल भी चोरी की निकली। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में राज उर्फ कौशल पुत्र जनविजय सिंह निवासी गुलजार नगर थाना बकेवर, आशीष कुमार उर्फ भोला पुत्र रामशंकर निवासी टिलीटिला थाना बकेवर तथा शिवा पुत्र मकरंद सिंह निवासी भवानीपुर थाना बकेवर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी ● एक चोरी की हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल
● तीन अवैध तमंचे 315 बोर
● छह जिंदा कारतूस
● चार खोखा कारतूस
● एक मिस कारतूस
● घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल
● 15 हजार रुपये नकद
कार्रवाई करने वाली टीम थानाध्यक्ष विपिन मलिक के नेतृत्व में थाना बकेवर पुलिस टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
