पारिवारिक विवाद सुलझाकर सदर विधायक ने पति-पत्नी को साथ रहने के लिए किया प्रेरित

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

इटावा। आपसी मतभेद के चलते अलगाव की स्थिति में पहुंचे एक दंपती का पारिवारिक विवाद सदर विधायक सरिता भदौरिया की पहल से सुलझ गया। विधायक ने दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनी और समझाइश के जरिए पति-पत्नी के बीच उत्पन्न गलतफहमियों को दूर करने का प्रयास किया।
विधायक ने कहा कि छोटी-छोटी बातों और आपसी मनमुटाव के कारण परिवार टूटना नहीं चाहिए। दांपत्य जीवन की मजबूती के लिए आपसी संवाद, विश्वास और सम्मान बेहद जरूरी हैं। उन्होंने दोनों को एक-दूसरे की भावनाओं को समझने और पुराने मतभेद भुलाकर नए सिरे से जीवन शुरू करने के लिए प्रेरित किया।
विधायक की समझाइश का सकारात्मक असर हुआ और पति-पत्नी ने अपने मतभेद समाप्त कर साथ रहने पर सहमति जताई। इसके बाद सदर विधायक ने महिला को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया और सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाओं के साथ उसे पति के साथ घर के लिए विदा किया।
विधायक की इस संवेदनशील पहल से जहां एक परिवार टूटने से बच गया, वहीं क्षेत्र में उनके इस प्रयास की सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *