चैत्र नवरात्रि एवं ईद पर अराजक तत्वों से कड़ाई से निपटने के निर्देश

पुलिस लाइन सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आगामी त्योहारों ईद-उल-फितर एवं चैत्र नवरात्रि को दृष्टिगत रखते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था आदि के लिए सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक पुलिस लाइन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सभी धर्म के गुरुओं, महन्तो एवं मौलवियों तथा नागरिकों ने समस्याओं को जिलाधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाले त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने में जिला प्रशासन सदैव तत्पर रहेगा। उन्होंने जनपद वासियों से चैत्र नवरात्रि एवं ईद को शांतिपूर्ण ढंग से सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। जिलाधिकारी ने त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के पूर्व सारी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने त्योहारों के दौरान अराजक तत्वों से कड़ाई से निपटने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिरों एवं मस्जिदों पर साफ सफाई, बिजली एवं पानी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कोई नई परंपरा न लागू की जाए। उन्होंने कहा कि ईद की नमाज मस्जिद के अंदर ही होनी चाहिए सड़कों पर नहीं। उन्होंने छुट्टा गोवंश को लेकर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित करते हुए कहा कि उनको पकड़वाकर नजदीकी गौशाला में भिजवाया जाए। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि तारों को ऊंचा कराया जाए जिससे किसी भी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों पर विशेष ध्यान न दिया जाए साथ ही साथ उन्होंने यह भी अवगत कराया की नमाज के दौरान अगर संख्या अधिक होती है तो नवाज 3 शिफ्ट में पढ़ सकते हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिये कि किसी भी प्रकार की घटना न होने पाए उससे पूर्व सभी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी जाए। उन्होंने यह भी अवगत कराया सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, समस्त क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद संतोष कुमार मिश्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।  पीस कमेटी की बैठक में निर्देश देते डीएम व एसएसपी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *