पति समेत पांच ससुरालियों पर मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी देने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान
जसवंतनगर (इटावा)। थाना क्षेत्र के ग्राम नगला लाईक में एक विवाहिता ने अपने पति सहित पांच ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट, अभद्रता, कार में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, सोमवार शाम किसी घरेलू विवाद को लेकर पति से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि पति ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहन भी इस दौरान चोटिल हो गई।
पीड़िता का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने पर उसकी मां मंगलवार को दिल्ली से गांव पहुंचीं। आरोप है कि वहां पति, ससुर, देवर, चाचा ससुर और एक अन्य रिश्तेदार ने मां-बेटी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने और घर से बेदखल करने की धमकी भी दी गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने पीड़िता की कार में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। घटना के दौरान आसपास के ग्रामीण भी मौके पर मौजूद थे।
सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी ललित कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो गई है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है तथा मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *