जनपद न्यायालय में चल रहे इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जनपद न्यायालय इटावा में संचालित इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को विधि छात्र-छात्राओं को विभिन्न विधिक विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम के तहत प्रतिभागी विद्यार्थियों को सात बैचों में विभाजित कर अलग-अलग विषयों की जानकारी दी गई।

बैच ‘ए’ को इंजंक्शन विषय पर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) प्रथम श्रीमती शहनाज अंसारी द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। बैच ‘बी’ को रिमांड विषय पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्वनी कुमार प्रथम ने मार्गदर्शन किया, जबकि बैच ‘सी’ को जमानत प्रार्थना पत्र विषय पर अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-2 के शिवार्थ खरे द्वारा जानकारी दी गई।

इसी क्रम में बैच ‘डी’ को वन स्टॉप सेंटर की जानकारी वंदना भदौरिया द्वारा दी गई। बैच ‘ई’ को शेल्टर होम से संबंधित जानकारी रामोतार एवं बृजेश सिंह द्वारा प्रदान की गई। बैच ‘एफ’ को लीगल एड डिफेंस काउंसिल की कार्यप्रणाली तथा बैच ‘जी’ को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों की जानकारी अधिकार मित्र रामसुंदर दुबे, ऋषभ पाठक, कु० नीरज, कु० अक्षरा, बृजेश सिंह एवं सूर्यकांत द्वारा दी गई।

इसके अतिरिक्त साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा ने सभी प्रशिक्षु छात्रों को साइबर अपराधों के प्रकार, उनके दुष्प्रभाव एवं उनसे बचाव के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विधि छात्र-छात्राओं को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया, विधिक सेवाओं एवं समकालीन साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *