अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, कानपुर की उपस्थिति में अन्तर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का समापन
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम, इटावा में आयोजित कानपुर जोन की 28वीं अन्तर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता-2026 का समापन मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली समस्त टीमों एवं खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन, जुझारूपन एवं खेल भावना की सराहना की गई तथा विजेता एवं उपविजेता टीमों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में कानपुर जोन के 9 जनपदों इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, फतेहगढ़, कन्नौज, जालौन, झांसी एवं ललितपुर की पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया।इटावा पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में चल वैजयन्ती प्राप्त कर गौरव हासिल किया। महिला वर्ग के फाइनल में इटावा ने जालौन को 2-1 गोल से तथा पुरुष वर्ग के फाइनल में कानपुर नगर को 3-2 गोल से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।नवरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा के निर्देशन में प्रतियोगिता का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन कराया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचन्द्र, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारी एवं विभिन्न जनपदों की पुलिस टीमों के खिलाड़ी उपस्थित रहे। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करतीं अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ।
