बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। स्वतंत्रता की 80वां वर्षगांठ पर हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस को भव्यता के साथ मनाये जाने की तैयारियों के दृष्टिगत जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को प्रातः 8 बजे समस्त सरकारी तथा गैर-सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। ध्वजारोहण के समय झंडा-अभिवादन के साथ ही राष्ट्रगान का भावपूर्ण गायन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि समस्त शिक्षण संस्थाओं में इस अवसर पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए, जिनमें राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ का सामूहिक गायन सम्मिलित हो। देशप्रेम की भावना जागृत करने वाले नाटकों, विचार-गोष्ठियों व प्रदर्शनी के साथ-साथ वाद-विवाद व निबन्ध-लेखन आदि से सम्बन्धित प्रतियोगिताओं का भी यथा-सम्भव आयोजन कराया जाए। 15 अगस्त को विकास खण्ड, तहसील तथा जनपद स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों को सम्मिलित होने के लिए प्रेरित किया जाए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 14 एवं 15 अगस्त की रात्रि में सरकारी कार्यालय-भवनों तथा अन्य भवनों एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक स्मारकों को रोशन किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अभयनाथ त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, क्षेत्राधिकारी शहर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित कुमार सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
