करंट विजन संवाददाता
इमरान खान
इटावा, गुरुवार। संयुक्त प्रेस क्लब, इटावा (उत्तर प्रदेश) ने जिलाधिकारी श्री शुभ्रांत कुमार शुक्ला के जनपद इटावा में सफलतापूर्वक एक वर्ष पूर्ण होने पर उनका हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया। इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों और पत्रकारों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी तथा उनके यशस्वी, पारदर्शी और जनहितकारी कार्यकाल की सराहना की।
कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि जिलाधिकारी के कुशल नेतृत्व में जनपद में प्रशासनिक कार्यों में गति, पारदर्शिता और विकासात्मक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने जिले के समग्र विकास, कानून-व्यवस्था की सुदृढ़ता और जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल संचालन में उनके योगदान की प्रशंसा की।
जिलाधिकारी श्री शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने इस सम्मान के लिए संयुक्त प्रेस क्लब के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रशासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करती है तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने भविष्य में भी जनपद के विकास के लिए सभी के सहयोग की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर संयुक्त प्रेस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।
