शिविर में मरीजों की जांच करते चिकित्सक
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। भारत विकास परिषद के स्वस्थ, समर्थ और संस्कारित भारत बनाने राष्ट्रीय आह्वान को लेकर परिषद के पांचाल प्रांत के निर्देश पर समाज के अधिक से अधिक लोगों को एनीमिया मुक्त किए जाने के उद्देश्य से इटावा में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में झुग्गी, झोपड़ी वासियों के मध्य श्रमिक वर्ग के लोगों के लिए लगाए गए हीमोग्लोबिन परीक्षण शिविर में धर्मार्थ सेवा शाखा ने विशेष सहयोग किया। शिविर का आयोजन प्रांतीय गतिविधि संयोजक रीना राठौर के निर्देशन में काशीराम कालोनी कांधनी में लाल पैथोलॉजी की टीम के सहयोग से किया गया। शिविर में परिषद की नगर इटावा में संचालित शाखाओं, मित्र शाखा, इटावा तुलसी, मुख्य शाखा के दायित्वधारियों ने भी भागीदारी की। प्रांतीय संयोजिका रीना राठौर ने बालिकाओं को एनीमिया से मुक्त किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आज समाज में बेटियों को पोषण और संरक्षण की अत्यन्त ही आवश्यकता है ताकि एक स्वस्थ एवं समर्थ समाज का निर्माण सम्भव हो सके। उन्होंने धर्मार्थ सेवा शाखा इटावा के अध्यक्ष हरिदत्त दीक्षित द्वारा शिविर में आए चार दर्जन से भी अधिक लाभार्थियों का निःशुल्क हीमोग्लोबिन परीक्षण कराने तथा कुपोषित पाए गए लोगों को फल, बिस्किट, गुड़ चना आदि पोषक सामग्री वितरित करने के लिए आभार भी व्यक्त किया। शिविर में पूर्व प्रांतीय महिला संयोजिका नीलिमा चौधरी का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन रहा।
