करंट विज़न संवाददाता इमरान खान
ताखा, इटावा।
विकास खंड ताखा के प्राथमिक विद्यालय अघिनी में ‘बाल वाटिका नवारम्भ उत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और नए नामांकित बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं। उत्सव के दौरान बच्चों के लिए चित्रकला, नृत्य, संगीत और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिससे विद्यालय का वातावरण आनंदमय हो गया।
इस अवसर पर 3 वर्ष और 6 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का आंगनवाड़ी एवं विद्यालय में नामांकन हेतु स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार का हिस्सा बनने पर बच्चों और उनके अभिभावकों को बधाई दी गई।
इंचार्ज प्रधानाध्यापक आकाश गर्ग ने संबोधित करते हुए कहा कि,
बाल वाटिका नवारम्भ उत्सव हमारे विद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। हमारा मुख्य उद्देश्य बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ-साथ बेहतर संस्कार और आत्मविश्वास प्रदान करना है, ताकि उनके भविष्य की नींव मजबूत हो सके।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में एसएमसी अध्यक्ष श्री रामदत्त, शिक्षक सौरभ कुशवाहा, सुबोध यादव, शिक्षा मित्र श्रीमती आराधना, ईसीसीई एजुकेटर और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का विशेष योगदान रहा। सभी शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर इस उत्सव को सफल बनाया।
अघिनी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ,बाल वाटिका नवारम्भ उत्सव
