
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
जसवंतनगर। नगर क्षेत्र के मोहल्ला शीशग्राम गुलाब बाड़ी में स्थित एक पुराने कुएं की भूमि पर कथित अवैध कब्जे के प्रयास को लेकर विवाद सामने आया है। मामले में स्थानीय लोगों ने थाना पुलिस को शिकायत पत्र देकर हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता हाजी इल्तमास अहमद सहित अन्य लोगों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व आई तेज आंधी और बारिश के दौरान मस्जिद के सामने खड़ा पुराना इमली का पेड़ टूटकर गिर गया था। पेड़ गिरने से वहां स्थित लगभग 100 वर्ष पुराना कुआं भी क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कुआं लंबे समय से क्षेत्र की पहचान और सार्वजनिक उपयोग का हिस्सा रहा है तथा आसपास के लोग इसे सामुदायिक धरोहर के रूप में देखते हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुएं के क्षतिग्रस्त होने के बाद पड़ोस में रहने वाले मोहम्मद जमशेद सिद्दीकी समेत कुछ लोग उक्त भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो भूमि पर निर्माण कार्य या अन्य गतिविधियां शुरू हो सकती हैं, जिससे भविष्य में विवाद और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
हाजी इल्तमास अहमद ने पुलिस एवं राजस्व विभाग से मौके का निरीक्षण कर भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट कराने तथा किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को रोकने की मांग की है। वहीं थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
