करंट विज़न संवददाता
फतेहपुर। अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने पुलिस लाइन पहुंचकर जनपद की कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने उनका स्वागत किया। गारद की सलामी लेने के बाद एडीजी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण की स्थिति का गहन आकलन किया। बैठक के दौरान हत्या, लूट, चोरी और राहजनी की बढ़ती घटनाओं पर एडीजी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। लंबित मामलों के खुलासे में देरी पर जवाब-तलब करते हुए सभी घटनाओं का शीघ्र अनावरण करने के निर्देश दिए। रात्रि गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सक्रिय पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।एडीजी ने सभी सर्किल अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर मॉनिटरिंग करने तथा लंबित विवेचनाओं को जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए। महिला व बाल अपराधों के प्रति विशेष सतर्कता बरतने और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।इसके अतिरिक्त मादक पदार्थ तस्करी, जुआ और अवैध शराब के अड्डों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए। हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी पुलिसकर्मी की अपराधियों से संलिप्तता पाई गई तो उसके विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बैठक के बाद एडीजी वापस रवाना हो गए।
