
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। जनपद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े फायरिंग और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आधा दर्जन हथियारबंद लोग डिजायर कार से मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया।
आरोप है कि हमलावरों ने होटल संचालक दुर्गेश राजपूत को कार से कुचलने का भी प्रयास किया। घटना में प्रयुक्त कार की विंडशील्ड पर POLICE लिखा होने की बात भी सामने आई है।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर शक्ति सिंह, एलएल यादव सहित छह लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और उनकी तलाश जारी है।
दिनदहाड़े शहर के बीचों-बीच इस तरह की घटना से आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की है।
