एसपी सिटी बबिता सिंह का स्वागत करते प्रधानाचार्य डा. आनन्द
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं के नेतृत्व, शिक्षा, आत्मविश्वास एवं करियर संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करियर गाइडेंस एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसपी सिटी नगर इटावा बबिता सिंह एवं सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह ने विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह ने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध कॉल और संदेशों से सावधान रहने, सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा न करने तथा ईमेल और सोशल मीडिया खातों के लिए मजबूत पासवर्ड रखने की सलाह दी। उन्होंने फर्जी वेबसाइट, ऑनलाइन ठगी, लोन ऐप, सोशल मीडिया फ्रॉड और केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए। पुलिस की ओर से वितरित साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता सामग्री में ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ठगी, सरकारी योजनाओं के नाम पर फर्जीवाड़े, लोन ऐप फ्रॉड, ईमेल फ्रॉड, ऑनलाइन शॉपिंग धोखाधड़ी, फर्जी बिजली बिल भुगतान संदेश और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। संस्था के प्रधानाचार्य एवं निदेशक डॉ. आनंद ने कार्यक्रम में उपस्थित एसपी सिटी बबिता सिंह, सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह तथा साइबर सेल के विशेषज्ञ पुलिसकर्मियों का प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उपयोगी जानकारी प्रदान करने और उन्हें जागरूक करने के लिए पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में साइबर सेल के विशेषज्ञ पुलिसकर्मी, विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
