छात्राओं को सम्मानित करतीं सदर विधायक व डीएम, एसएसपी
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। सदर विधायिका सरिता भदौरिया, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं, महिला पुलिस अधिकारियों, चिकित्सकों एवं बालिका हॉकी टीम को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ अपने कार्यक्षेत्र में निष्ठा, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं के योगदान को प्रोत्साहित करना रहा। समारोह में अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाली महिला निरीक्षकों, महिला उपनिरीक्षकों, महिला पुलिसकर्मियों, चिकित्सकों, नगर निगम की महिला कर्मियों तथा पुलिस मॉडर्न स्कूल की बालिका हॉकी टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चों को भी सम्मानित कर किया गया।।कार्यक्रम के दौरान पुलिस मॉडर्न स्कूल की बालिकाओं द्वारा मिशन शक्ति से संबंधित सशक्त नारी कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति के माध्यम से महिला सुरक्षा, नारी सम्मान, आत्मनिर्भरता एवं महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। पुलिस मॉडर्न स्कूल की बालिका हॉकी टीम को सम्मानित कर बालिकाओं में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता तथा सर्वांगीण विकास के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष कुमार, क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
