यूपीआई शुल्क के प्रस्ताव के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

इटावा। यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित शुल्क के विरोध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में व्यापारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित ट्रांजैक्शन शुल्क को तत्काल वापस लेने की मांग की।
ज्ञापन प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वेश सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष आलोक दीक्षित और जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार कठेरिया के नेतृत्व में सौंपा गया।
व्यापारियों ने कहा कि केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया और कैशलेस अर्थव्यवस्था के आह्वान के बाद छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े कारोबारियों तक ने डिजिटल भुगतान को अपनाया है। ऐसे में यूपीआई लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने से व्यापारियों और ग्राहकों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
संगठन ने कहा कि यदि यूपीआई से होने वाले बड़े लेनदेन पर शुल्क लगाया गया तो व्यापारी और ग्राहक दोबारा नकद लेनदेन की ओर लौट सकते हैं। इससे डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की सरकारी नीति प्रभावित होने के साथ ही डिजिटल अर्थव्यवस्था की रफ्तार पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
व्यापारियों ने प्रधानमंत्री से मांग की कि यूपीआई लेनदेन को नि:शुल्क बनाए रखने के लिए प्रस्तावित शुल्क को वापस लेने के निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही डिजिटल भुगतान व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और पूरी तरह शुल्कमुक्त बनाए रखने की मांग की गई।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष हाजी शेख आफताब, अशोक जाटव, हाजी हन्नान मंसूरी, चमन वारसी, युवा जिलाध्यक्ष रियाज अब्बासी, युवा शहर अध्यक्ष सोनू अग्रवाल, उद्योग मंच जिला अध्यक्ष राहुल दीक्षित, बढ़पुरा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, मंडी अध्यक्ष ईबादुर्हमान, उद्योग मंच महामंत्री धर्मेन्द्र प्रजापति, सिकंदर वारसी, ताहा शालीमार, बृजेश राठौर, शेख नबाब, धर्मेन्द्र यादव, हफीज खान, लखन सोनी, आफताब खान, रेडीमेड एसोसिएशन अध्यक्ष देव गुप्ता, मुदित दीक्षित, आमिर, हिमांशु श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *