छात्र देवांग को सम्मानित करते निदेशक डॉ. आनंद
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल के कक्षा 11 बी के एनसीसी केडिट छात्र देवांग शर्मा ने प्री राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन किया है। मोहाली पंजाब में आयोजित 35वीं प्री ऑल इंडिया जी.वी. मावलंकर शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन पंजाब राइफल शूटिंग एसोसिएशन द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में 12 यू पी बटालियन एन सी सी आगरा ग्रुप की तरफ से संत विवेकानंद के एन सी सी छात्र देवांग शर्मा ने 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। देवांग ने सब-यूथ मेन इंडिविजुअल 10 मीटर, यूथ मेन इंडिविजुअल 10 मीटर तथा जूनियर मेन इंडिविजुअल 10 मीटर वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। छात्र की इस उपलब्धि पर संस्था के प्रधानाचार्य एवं निदेशक डॉ. आनंद ने देवांग शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहां कि कैडेट्स की इस उपलब्धि को निशानेबाजी के क्षेत्र में उनके अनुशासन, नियमित प्रशिक्षण और समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। संस्था के चेयरमैन डॉ. विवेक यादव ने भी देवांग की शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे निरंतर सफलता की ओर आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।
