बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल
करंट विज़न संवाददाता
आतिशबाजी के निर्माण, परिवहन, भंडारण सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो – डीएम इटावा।जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आतिशबाजी लाइसेंसधारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था एवं आतिशबाजी के सुरक्षित भंडारण, विक्रय तथा उपयोग को लेकर बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि आतिशबाजी के भंडारण एवं विक्रय में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर घटना का कारण बन सकती है।सभी लाइसेंसधारी निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। आतिशबाजी का भंडारण केवल निर्धारित एवं स्वीकृत स्थल पर ही किया जाए तथा लाइसेंस में निर्धारित क्षमता से अधिक आतिशबाजी का भंडारण किसी भी दशा में न किया जाए। जहां आतिशबाजी का भंडारण किया जा रहा है वहां आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण कर यह सुनिश्चित कर लें कि नजदीक में घनी आबादी, बस्ती, विद्यालय अथवा अन्य संवेदनशील स्थल न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि आतिशबाजी की दुकानों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन यंत्र, पानी एवं रेत आदि की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। दुकानों पर धूम्रपान एवं किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए।आतिशबाजी का निर्माण एवं अन्य संबंधित गतिविधियां केवल चिन्हित एवं निर्धारित स्थलों पर ही लाइसेंस में निर्धारित मानकों के अनुसार की जाएं। बैठक में अग्निशमन विभाग के अधिकारी ने लाइसेंसधारियों को अग्नि सुरक्षा के संबंध में आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आतिशबाजी का कारोबार करने वाले सभी लाइसेंसधारी प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए सहयोग प्रदान करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, आईएएस कोमल पुनिया, एसपी ग्रामीण, समस्त उप जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, अग्निशमन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं आतिशबाजी लाइसेंसधारी उपस्थित रहे।
