राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते डीएम
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत ईवीएम एवं वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग कराए जाने के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 3390 बैलेट यूनिट, 2163 कंट्रोल यूनिट तथा 2186 वीवीपैट उपलब्ध हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में उपलब्ध ईवीएम एवं वीवीपैट में से 2016 बैलेट यूनिट, 2016 कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट की एफएलसी का कार्य 17 सितंबर से प्रारंभ किया जाएगा। एफएलसी का कार्य प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से सायं 7 बजे तक कराया जाएगा तथा इसके लगभग 10 अक्टूबर तक पूर्ण होने की संभावना है।उन्होंने बताया कि एफएलसी का कार्य बेल कंपनी द्वारा नामित 6 इंजीनियर्स की टीम द्वारा किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार एफएलसी कार्य की निगरानी के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी इटावा को एफएलसी सुपरवाइजर नियुक्त किया गया है। एफएलसी की प्रक्रिया को देखने के लिए उपस्थित राष्ट्रीय एवं राज्यीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति निर्धारित पंजिका एनेक्सचर-4 में दर्ज की जाएगी। एफएलसी हॉल में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, कैमरा, स्पाई पेन, स्मार्ट ग्लासेज एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एफएलसी हॉल में ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। मॉक पोल की प्रक्रिया के संबंध में राजनैतिक दलों से एनेक्सचर-8, 9 एवं 10 में निर्धारित प्रमाण-पत्र प्राप्त किए जाएंगे। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार, कृपा नारायण तिवारी भाजपा, संजीव भदौरिया भाजपा, आशुतोष दीक्षित कांग्रेस, वाचस्पति द्विवेदी कांग्रेस, उदयभान सिंह यादव समाजवादी पार्टी, इकरार अहमद आम आदमी पार्टी, राघवेंद्र अवस्थी बसपा, हरिओम शाक्य बसपा, डॉ हरिशंकर पटेल अपना दल, मुकेश कुमार अपना दल सहित समस्त राजनैतिक दल उपस्थित रहे।
