
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा।ब्रिटिश काउंसिल के अंतर्गत आयोजित शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक गतिविधि के तहत पी.एम. श्री कम्पोजिट स्कूल, कृपालपुर,इटावा के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने एमनीव विज़न स्कूल, इटावा का शैक्षणिक भ्रमण किया।इस गतिविधि का समन्वय स्कूल में ब्रिटिश काउंसिल प्रोगाम के कोऑर्डिनेटर चंचल मुखर्जी द्वारा किया गया।इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न संसाधनों, गतिविधियों और आपसी संवाद के माध्यम से सीखने तथा नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने एमनीव विज़न स्कूल की फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं बायोलॉजी प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया तथा विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों एवं परियोजनाओं में सहभागिता की। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने अटल टिंकरिंग लैब में रोबोटिक्स एवं तकनीकी नवाचार से जुड़ी गतिविधियों को करीब से समझा और उनका अनुभव प्राप्त किया।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पक्ष दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच संवाद एवं अनुभवों का आदान-प्रदान रहा।विद्यार्थियों ने साथ मिलकर विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया तथा एक-दूसरे के विचारों और अनुभवों से सीखने का अवसर प्राप्त किया।
खेल गतिविधि के अंतर्गत विद्यार्थियों ने पारंपरिक भारतीय खेल ‘गिल्ली-डंडा’ भी उत्साहपूर्वक खेला। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों में टीम भावना, सहयोग और आपसी सहभागिता को बढ़ावा मिला।*
इस अवसर पर एमनीव विज़न स्कूल के प्रधानाचार्य श्री पंकज शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि ऐसे अनुभवात्मक अवसर विद्यार्थियों को कक्षा की सीमाओं से बाहर निकलकर सीखने,संवाद करने और नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों का साथ मिलकर सीखना आपसी समझ,सहयोग और सामाजिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत करता है।*
यह पहल विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एक्सपोज़र, अनुभवात्मक अधिगम, तकनीकी नवाचार,संवाद और सामाजिक सहभागिता का एक सार्थक अवसर बनी।
