गोष्ठी में बोलते अतिथि
करंट विजन संवाददाता
इटावा।। जनता कॉलेज बकेवर में इंस्टीट्यूशन इनोवेशन सेल एवं उद्यान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. नलिनी शुक्ला ने कॉलेज के न्यूज लेटर का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में न्यूज लेटर के माध्यम से महाविद्यालय की शैक्षणिक, शोध और नवाचार गतिविधियों को एक मंच पर प्रस्तुत करने पर चर्चा हुई। उद्यान विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि विद्यार्थियों और शिक्षकों के शोध कार्यों तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित शोध पत्रों को संकलित कर न्यूज लेटर में प्रकाशित किया जाएगा। इसके साथ ही कॉलेज की विभिन्न शैक्षणिक, शोध, नवाचार एवं अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों को भी नियमित रूप से स्थान दिया जाएगा। डॉ. ललित गुप्ता और डॉ. नवीन अवस्थी ने न्यूज लेटर के प्रकाशन को महाविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को अपनी उपलब्धियों एवं शोध कार्यों को साझा करने का अवसर मिलेगा। महाविद्यालय में शोध और नवाचार की संस्कृति को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. मनोज कुमार यादव ने शिक्षक, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि न्यूज लेटर महाविद्यालय की उपलब्धियों और गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। इस दौरान विभिन्न विभागों के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
