कलक्ट्रेट में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति सम्बन्धी बैठक हुई

 बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति एवं क्रियान्वयन के संबंध में बैठक आयोजित की गई।बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जनपद का लक्ष्य 4,372 निर्धारित है। जिलाधिकारी ने सभी वेंडरों को निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक वेंडर की लंबित प्रगति की अलग-अलग समीक्षा करते हुए कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।।बैठक में वेंडरों द्वारा सबसे अधिक समस्याएं बैंकों से संबंधित बताई गईं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संबंधित बैंक शाखाओं की लंबित प्रकरणों की सूची तैयार की जाए, जिसमें आवेदक का नाम, मोबाइल नंबर तथा आवेदन कब से लंबित है, इसका स्पष्ट विवरण शाखावार उपलब्ध कराया जाए। इसके आधार पर संबंधित बैंकों को पत्र भेजकर लंबित मामलों का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। वेंडरों द्वारा विद्युत विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याएं भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं। वेंडरों ने अवगत कराया कि एक प्रकरण में पिछले लगभग छह माह से नेट मीटरिंग की प्रक्रिया लंबित है। वहीं, एक उपभोक्ता का लगभग नौ माह से विद्युत बिल प्राप्त नहीं हुआ है तथा एक उपभोक्ता का विद्युत बिल अपडेट न होने की समस्या भी सामने आई। जिलाधिकारी ने संबंधित विद्युत विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा उपभोक्ताओं एवं वेंडरों को अनावश्यक कठिनाई न हो। बैठक में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के इंस्टॉलेशन अपलोड से संबंधित 249 प्रकरण लंबित पाए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित वेंडरों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों को प्रतिदिन थोड़ा थोड़ा करके भी पूरा करें और यह सुनिश्चित करें कि अनावश्यक रूप से कोई प्रकरण लंबित न रहे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा प्रिया शर्मा सहित विद्युत विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में वेंडर उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *