कार्यक्रम में उपस्थित जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने जवाहर नवोदय विद्यालय साम्हो भरथना का भ्रमण किया। उनके साथ प्रशिक्षु आईएएस कोमल पुनिया जी भी उपस्थित रहीं। इस दौरान जिलाधिकारी महोदय एवं प्रशिक्षु आईएएस ने विद्यालय के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन एवं मार्गदर्शन किया। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना आवश्यक है। विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनमें असीम प्रतिभा एवं क्षमता है। आवश्यकता है कि वे अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाते हुए अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करें।प्रशिक्षु आईएएस कोमल पुनिया ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए नियमित रूप से मेहनत करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं प्रशिक्षु आईएएस ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को सुना तथा उनके प्रश्नों का सरलता एवं उत्साहपूर्वक उत्तर दिया। विद्यार्थियों ने अधिकारियों से संवाद कर काफी उत्साह एवं प्रसन्नता व्यक्त की।विद्यालय परिवार ने जिलाधिकारी एवं प्रशिक्षु आईएएस का स्वागत किया तथा विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
